मंगरोप पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध बजरी खनन पर शिकंजा,ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,रेकी कर रहे 3 सहयोगी समेत 4 गिरफ्तार

मंगरोप@मुकेश खटीक।अवैध बजरी खनन के खिलाफ मंगरोप थाना पुलिस की लगातार कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।शुक्रवार को थाना पुलिस ने गुवारडी गांव स्थित बनास नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खनन गतिविधियों को संरक्षण देने और पुलिस की गतिविधियों की सूचना साझा करने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है।थानाधिकारी के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने गुवारडी गांव के पास बनास नदी में अवैध रूप से बजरी खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा।मौके से ट्रैक्टर चालक धनराज गुर्जर निवासी गुवारडी को गिरफ्तार किया गया।जांच में सामने आया कि कुछ लोग व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से पुलिस की लोकेशन साझा कर खनन माफियाओं को सतर्क करने का काम कर रहे थे।पुलिस ने ऐसे तीन अन्य आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान खनन माफियाओं की रेकी और एस्कॉर्टिंग में उपयोग की जा रही एक दुपहिया वाहन भी जब्त की है।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह वाहन अवैध खनन में लगे लोगों को पुलिस की गतिविधियों की सूचना पहुंचाने और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए उपयोग में ली जा रही थी।पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संगठित अपराध से संबंधित नवीन धाराओं तथा खनिज एवं खनन अधिनियम (एमएमडीआर एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है।आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अवैध खनन नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।इसके अलावा कार्रवाई की सूचना खनन विभाग एवं परिवहन विभाग को भी भेज दी गई है, ताकि संबंधित विभाग अपने स्तर पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई कर सकें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन, परिवहन और इससे जुड़े संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लगातार कार्रवाई से बढ़ा दबावमंगरोप थाना पुलिस द्वारा पिछले कुछ दिनों से अवैध बजरी खनन के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाइयों से खनन माफियाओं पर दबाव बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।