सुरेश चन्द्र मेघवंशी
भीलवाड़ा। जिले के पारोली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग द्वारा अपने ही बेटे और बहू पर प्रताड़ना, मारपीट तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित बुजुर्ग का कहना है कि दो दिन पूर्व थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पारोली निवासी उदयलाल पुत्र हीरालाल सुथार ने अपने पुत्र देवकिशन एवं बहू के खिलाफ पारोली थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि दोनों उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं, मारपीट करते हैं तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं। बुजुर्ग का यह भी आरोप है कि उसे घर से बेदखल कर दिया गया है।
पीड़ित का कहना है कि न्याय की उम्मीद लेकर वह पिछले दो दिनों से थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी रिपोर्ट पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इतना ही नहीं, उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
बुजुर्ग ने कहा कि परिवार द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद वह पुलिस से मदद की उम्मीद लेकर आया था, लेकिन यहां भी उसे निराशा हाथ लगी। उसने आरोप लगाया कि थाना पुलिस का रवैया उसके प्रति नकारात्मक रहा और उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया।
मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित बुजुर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि उसे शीघ्र न्याय नहीं मिला तो उसके पास आत्मघाती कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।
