उदयपुर 16 सितंबर
स्मार्ट हलचल|गिर्वा ब्लॉक के समस्त प्रधानाचार्यों की बैठक में प्रधानाचार्य, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, काया के प्रधानाचार्य कृष्णकांत शर्मा को सर्वसम्मति से वाकपीठ अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह निर्णय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गिर्वा चंद्रशेखर जोशी की अध्यक्षता में उदयपुर शहर एवं गिर्वा ब्लॉक के संस्था प्रधानों की आयोजित बैठक में लिया गया।
मनोनयन के बाद श्री शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वाकपीठ समस्त प्रधानाचार्यों के बीच संवाद, अनुभव साझा करने और शैक्षिक समस्याओं पर सामूहिक चिंतन का एक सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि वाकपीठ कार्यकारिणी के माध्यम से विद्यालय संचालन की व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने और बोर्ड परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यालयों को ‘संस्कार केंद्र’ के रूप में विकसित करने, नई शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने तथा श्रेष्ठ नवाचारों के आदान-प्रदान से संपूर्ण शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के समेकित प्रयास किए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसीबीईओ ललित कुमार दक, महेश बुनकर एवं श्रीमती निर्मला मेनारिया सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सतीश व्यास ने किया।