बेगूं में कांग्रेस का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं वरिष्ठ जन सम्मान समारोह

*स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनुशंसा से मिलेगा टिकट, युवा एवं स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता — उदयलाल आंजना*
*डोडा-चूरा नष्टीकरण के मुद्दे पर केंद्र एवं राज्य सरकार को घेरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह*

बेगूं। स्मार्ट हलचल|आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर बेगूं स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में गुरुवार को बेगूं-रावतभाटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन एवं वरिष्ठ जन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मेलन में बेगूं-रावतभाटा विधानसभा क्षेत्र सहित दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। विशेष रूप से बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने सम्मेलन को संगठनात्मक दृष्टि से खास बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना रहे, जबकि अध्यक्षता बेगूं-रावतभाटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष पारस जैन बोराव ने की। वरिष्ठ अतिथियों के रूप में गौरीलाल गुर्जर एवं नरेंद्र सिंह डूंगला उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान नीलकंठ महादेव की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात ब्लॉक क्षेत्र के सैकड़ों वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनके लंबे राजनीतिक एवं संगठनात्मक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनुशंसा से तय होंगे चुनावी टिकट — आंजना

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का आधार उसका जमीनी कार्यकर्ता है। आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में टिकट वितरण को लेकर स्थानीय संगठन एवं कार्यकर्ताओं की राय और अनुशंसा को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, जो जनता के बीच सक्रिय हैं और पार्टी को मजबूती के साथ जीत दिलाने की क्षमता रखते हैं।

आंजना ने कहा कि युवा शक्ति और स्थानीय नेतृत्व को आगे लाना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी, वहीं महिलाओं की भी चुनावों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर संगठन की मजबूती और कांग्रेस की जीत के लिए एकजुट होकर काम करें।

डोडा-चूरा नष्टीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरा

पूर्व मंत्री आंजना ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने अफीम किसानों से जुड़े डोडा-चूरा नष्टीकरण प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अफीम किसान पहले ही अनेक चुनौतियों से जूझ रहे हैं और ऐसे में उन पर अनावश्यक दबाव एवं कठोर नियम थोपना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में व्यावहारिक एवं संवेदनशील नीति अपनाने की मांग की तथा कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों और उनके हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

‘कांग्रेस में कार्यकर्ता को सम्मान भी मिलेगा और न्याय भी’ — पारस जैन

कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष पारस जैन बोराव ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी निष्ठा और वफादारी का प्रमाण किसी नेता से लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी जी की कांग्रेस है, जहां जमीनी कार्यकर्ता को सम्मान भी मिलेगा और न्याय भी।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं और कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता एवं संगठनात्मक ताकत के दम पर बेगूं-रावतभाटा ब्लॉक क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी का मजबूत जनाधार तैयार किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी चुनावों में दोनों पंचायत समितियों के प्रधान तथा नगरपालिका चेयरमैन कांग्रेस पार्टी के बनेंगे।

पारस जैन ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान को कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वरिष्ठों के अनुभव और युवाओं के जोश के साथ पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।

अग्रिम संगठनों की मजबूत भागीदारी

सम्मेलन में महिला कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष यशोदा नरेंद्र पुरोहित के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जिले में पहली बार पार्टी के कार्यक्रम में इतनी संख्या में भाग लिया जिसकी सराहना व प्रशंसा स्वयं उदय लाल आँजणा व अन्य वक्ताओं ने की भरपूर की।
महिला जिला अध्यक्ष यशोदा नरेन्द्र पुरोहित, गंगरार-पारसोली ब्लॉक अध्यक्ष परमेश्वर जाट, गंगरार प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र सिंह राणावत, पूर्व प्रधान शक्ति सिंह, कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह नाहरगढ़, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव वंदना शर्मा, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रिंस बाबेल, विधानसभा प्रभारी गौरीलाल गुर्जर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष व पार्षद नरेन्द्र कुमार पुरोहित, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मांगीलाल गुर्जर, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन वृद्धिचंद कोठारी, RGPRS जिला अध्यक्ष गिरधारीलाल जाट, जावद विधानसभा के कांग्रेस नेता बालकिशन धाकड़, NSUI जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी, पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी एवं किसान महापंचायत जिला अध्यक्ष प्रकाश धाकड़, RGPRS विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष अशोक धाकड़, नरेंद्र सिंह डूंगला, युवा नेता रविराज गुर्जर, महिला जिला उपाध्यक्ष गायत्री सोनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता तेजमल रेगर एवं महिला महासचिव आशा दमामी, पार्षद सुशीला रेगर सहित अनेक कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दिनेश मेवाड़ा ने किया।

सम्मेलन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, सेवादल सहित कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन ने बेगूं-रावतभाटा क्षेत्र में कांग्रेस के संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ आगामी चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों का भी स्पष्ट संदेश दिया।