मृत्यु के बाद भी आंखें देंगी रोशनी, शिक्षा मंत्री दिलावर ने लिया नेत्रदान का संकल्प

ईबीएसआर के नेत्रदान जागरूकता अभियान को मिला शिक्षा मंत्री दिलावर का समर्थन

कोटा।स्मार्ट हलचल|मृत्यु के बाद भी किसी की जिंदगी में रोशनी कायम रहे, इसी संकल्प के साथ विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर 13 अगस्त को आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर (EBSR) के अभियान के दौरान राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अंगदान जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया और स्वयं नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर आमजन को नेत्रदान का संदेश दिया।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि नेत्रदान महज दान नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति के जीवन से अंधकार दूर कर उसे नई रोशनी देने का महान संकल्प है।
आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. के.के. कंजोलिया एवं कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि विश्व अंगदान दिवस पर वर्ष 2026 की थीम ‘अंगदान के माध्यम से भय से आशा की ओर बढ़ना’ रखी गई है। उन्होंने बताया कि एक मृतक अंगदाता हृदय, फेफड़े, लिवर, दोनों किडनी, अग्न्याशय और आंत जैसे महत्वपूर्ण अंग दान कर कई जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान दे सकता है। वहीं कॉर्निया, त्वचा, हड्डी और हृदय वाल्व जैसे ऊतक भी अनेक लोगों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 8 सितम्बर तक राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान की ओर से नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. के.के. कंजोलिया, कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेश पाण्डेय, एग्जीक्यूटिव मेंबर डॉ. अमित सिंह राठौड़, कोटा आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा, आई टेक्नीशियन टिंकू ओझा सहित कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।