ब्यावर में 75 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जैतारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 252 ग्राम मेफोड्रोन के साथ बोलेरो वाहन जब्त

अनिल कुमार

ब्यावर/जैतारण।स्मार्ट हलचल|जिला ब्यावर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 252 ग्राम अवैध एमडी (मेफोड्रोन) जब्त की है। पुलिस ने मादक पदार्थ की कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी जैतारण धोलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे संख्या 458 पर सरहद जैतारण में रामावास चौराहे के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान तेज गति से आ रही संदिग्ध बोलेरो संख्या आरजे 16 यूबी 0456 को रुकवाकर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 252 ग्राम एमडी (मेफोड्रोन) बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से मीठाराम पुत्र हंजाराम, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चोराउ, थाना सायला, जिला जालौर तथा जबराराम पुत्र नैनाराम, उम्र 36 वर्ष, निवासी मेघवालों का बास, थाना सायला, जिला जालौर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ और बोलेरो वाहन जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच थानाधिकारी रास को सौंपी गई है तथा अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

थानाधिकारी धोलाराम, सहायक उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह, कांस्टेबल किसनाराम, शिवनारायण, अशोक, विकास एवं नरेश सहित पुलिस थाना जैतारण की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।