विशाल विरोध मार्च निकालकर जताया आक्रोश, अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद किया सत्याग्रह
अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|हल्द्वानी की घटना के विरोध एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी ब्यावर की ओर से शुक्रवार को जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में विशाल विरोध मार्च एवं सत्याग्रह किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया और सामाजिक समानता एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
विरोध मार्च महात्मा गांधी सर्किल, चांगगेट से शुरू हुआ। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां एवं पोस्टर लेकर मार्च करते हुए स्वामी कुमारानंद की प्रतिमा के समक्ष से गुजरे और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंचे। यहां कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण कर सत्याग्रह किया।
जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के स्थल पर कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। यह घटना समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस ऐसी भेदभावपूर्ण मानसिकता को स्वीकार नहीं करेगी।
खनन प्रकोष्ठ, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान सम्मान और अधिकार देता है। जाति एवं सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर भेदभाव करना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। ऐसी घटनाओं से सामाजिक सद्भाव कमजोर होता है।
कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समानता और सामाजिक न्याय के सपने के भारत में भेदभाव एवं छुआछूत के लिए कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस का सत्याग्रह संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा, जवाजा ब्लॉक अध्यक्ष धरमसिंह भाटी, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष अज़मत काठात, जिला प्रवक्ता एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया, राजेन्द्र ओस्तवाल, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, बिरदीचन्द खोरवाल सहित कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, PCC सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
