कल्याणपुरा गांव के लाल ने बढ़ाया मान-संतराम गुर्जर ने नीट NEET-2026 में हासिल की ऑल इंडिया 6537वीं रैंक,

 

* 613 अंक प्राप्त कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की सफलता का किया सपना साकार-कल्याणपुरा विद्यालय में शिक्षकों ने साफा व माल्यार्पण कर किया सम्मान

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र की गोठड़ा ग्राम पंचायत के छोटे से गांव कल्याणपुरा के होनहार छात्र संतराम गुर्जर पुत्र कालूराम गुर्जर ने नीट NEET-2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संतराम ने 613 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6537 हासिल की।
छात्र की इस उपलब्धि पर स्थानीय राजकीय विद्यालय कल्याणपुरा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के संस्था प्रधान रामावतार बैरवा एवं अध्यापक उमरद्दीन गौरी सहित शिक्षकों ने संतराम का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। संस्था प्रधान रामावतार बैरवा ने बताया कि संतराम शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद संतराम ने कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। संतराम की इस उपलब्धि से पूरे कल्याणपुरा गांव में खुशी का माहौल है।ग्रामीणों, शिक्षकों और परिजनों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।