भाभड़िया गोत्र के मीणाओं ने परंपरागत रूप से भरी छांट, पूर्वजों को किया याद

(नरेश कुरेडा)

दीपावली से पूर्व सहोदरा नदी पहुंचे समाज के लोग, वर्षों पुरानी परंपरा का किया निर्वहन

स्मार्ट हलचल|पीपलू उपखंड के ग्राम कुरेड़ा में दीपावली से पूर्व भाभड़िया गोत्र के मीणा समाज के लोगों ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए परंपरागत रूप से छांट भरी और पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद किया। इस दौरान समाज के पुरुष मीणा चौक में एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए सहोदरा नदी पहुंचे।समाज के लोग मीणा चौक से नरेश मीणा के चौहराया होते हुए सहोदरा नदी पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परंपरागत रूप से छांट भरकर अपने पूर्वजों का स्मरण किया गया। आयोजन के दौरान समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आपसी एकजुटता देखने को मिली।

इस संबंध में जानकारी देते हुए नरेश मीणा ने बताया कि ग्राम कुरेड़ा के भाभड़िया गोत्र के मीणा समाज में छांट भरने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। समाज के लोग प्रत्येक वर्ष दीपावली से एक दिन पूर्व चतुर्थ दशमी के दिन एकत्रित होकर सहोदरा नदी में पूजा-अर्चना करते हुए छांट भरते हैं। यह परंपरा पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का विशेष अवसर है।

उन्होंने बताया कि इस परंपरा के माध्यम से समाज के लोग अपने पूर्वजों को याद करते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, इतिहास और रीति-रिवाजों से परिचित करवाते हैं। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा समाज की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनी हुई है।

पीपलू उपखंड के ग्राम कुरेड़ा में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम के माध्यम से भाभड़िया गोत्र के मीणा समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हुए पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।