राज्य में औद्योगिक विकास के साथ नए रोजगार के अवसर सृजित करना है- निदेशक डॉ हरसहाय मीणा
मनोहरपुर जाफर लोहानी
कोटा/स्मार्ट हलचल|राजस्थान वित्त निगम, शाखा कोटा द्वारा बुधवार को डी. एस. एस. आई एसोसिएशन भवन में एक मेगा औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चला।शिविर में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को निगम की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित इच्छुक उद्यमियों की ऋण पत्रावलियां मौके पर ही तैयार करवाई गईं और आवेदन शुल्क भी जमा कराया गया।
कार्यकारी निदेशक डॉ हरसहाय मीणा ने बताया कि निगम द्वारा उद्योग, होटल, गेस्टहाउस, अस्पताल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स एवं अन्य सेवा क्षेत्रों की इकाइयों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। निगम विभिन्न विशेष ऋण योजनाएं भी चला रहा है, जिनके तहत रीको द्वारा आवंटित भूमि पर भी ऋण सुविधा दी जा रही है।
मीणा ने बताया कि युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र उद्यमियों को 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर 200 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। निगम का उद्देश्य उद्यमियों को वित्तीय सहायता देकर एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देना और राज्य में औद्योगिक विकास के साथ नए रोजगार के अवसर सृजित करना है।
उन्होंने बताया कि निगम एनपीए में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उद्यमियों से निगम की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर निगम मुख्यालय से उप महाप्रबंधक रविन्द्र, शाखा प्रबंधक अशोक कुमार मौर्य, डी.एस.एस.आई एसोसिएशन के संरक्षक गोविन्द राम मित्तल, अध्यक्ष दीपक मेहता, उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 7.15.करोड रुपये के ऋण आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन क्षेत्र के उद्यमियों में निगम की योजनाओं के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।
