नगर कांग्रेस कमेटी ने गंगापुर की जन समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, 48 घंटे में समाधान नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी

रामप्रसाद माली

गंगापुर -स्मार्ट हलचल।शहर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी गंगापुर द्वारा सोमवार को नगर पालिका प्रशासक एवं नवनियुक्त उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने से पूर्व नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर का उपरना ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
ज्ञापन में नगर कांग्रेस कमेटी ने शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था, जगह-जगह फैले कचरे, बंद पड़ी रोड लाइटों, क्षतिग्रस्त सड़कों, खराब पड़ी पनघट, नालियों की सफाई नहीं होने सहित अन्य जन समस्याओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल की अव्यवहारिक कार्यप्रणाली के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा शहर की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज चंदेल ने कहा कि यदि आगामी 48 घंटे के भीतर शहर की विभिन्न समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर पालिका में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान निवर्तमान नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गहलोत, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष लखन काकानी, पूर्व पार्षद प्रहलाद सुथार, तुलसी अमृत महाविद्यालय एन एस यूआई पूर्व अध्यक्ष नवरत्न बेरवा महेश तेली, गजेंद्र गहलोत, प्रदीप शर्मा सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।