उदपुरा सरपंच चुनाव की मतगणना पर सवाल, 102 खारिज मतपत्रों की दोबारा जांच की मांग
पराजित प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन; विजयी प्रत्याशी पर दो ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नाम होने और गलत शपथ-पत्र देने का आरोप
चित्तौड़गढ़, 13 नवम्बर। स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ की ग्राम पंचायत उदपुरा में 5 नवंबर को हुए सरपंच चुनाव की मतगणना को लेकर विवाद सामने आया है। चुनाव में 46 मतों से पराजित निर्दलीय प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ने मतगणना में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सभी मतपत्रों की सील की जांच और पुनर्मतगणना कराने के साथ विजयी प्रत्याशी उदयलाल उर्फ उदयराम उर्फ उदा गुर्जर का निर्वाचन निरस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में सुरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) और मतगणना दल ने प्रत्याशियों के सामने नियमानुसार मतपत्रों की छंटनी एवं गिनती नहीं कराई। उनके अनुसार, कर्मचारियों ने आपस में घेरा बनाकर गोपनीय तरीके से मतपत्रों की छंटनी और बंडलों की गिनती की, जिससे प्रत्याशियों को मतपत्रों पर लगे चुनाव चिह्न की सील स्पष्ट रूप से देखने का अवसर नहीं मिला।
102 खारिज मतपत्रों पर उठाए सवाल
सुरेंद्र सिंह ने ज्ञापन में बताया कि मतगणना के दौरान कुल 102 मतपत्र खारिज किए गए, जबकि जीत का अंतर केवल 46 मतों का रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि खारिज किए गए मतपत्र प्रत्याशियों या उनके एजेंटों को नहीं दिखाए गए और न ही आपत्ति दर्ज कराने अथवा पुनर्गणना का अवसर दिया गया। ज्ञापन में इन सभी 102 मतपत्रों को चुनाव सील सहित प्रत्याशियों के सामने दिखाकर निष्पक्ष पुनः जांच और पुनर्मतगणना कराने की मांग की गई है।
विजयी प्रत्याशी के दो ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में नाम होने का आरोप
ज्ञापन का एक प्रमुख बिंदु विजयी प्रत्याशी उदयलाल उर्फ उदयराम उर्फ उदा गुर्जर का दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज होना है। सुरेंद्र सिंह के अनुसार, प्रत्याशी का मूल निवास ग्राम पंचायत अमरपुरा के अंतर्गत पेमा का खेड़ा है, जबकि उनका नाम ग्राम पंचायत उदपुरा की मतदाता सूची में भी दर्ज है।
ज्ञापन में दिए गए विवरण के अनुसार, ग्राम पंचायत अमरपुरा के वार्ड संख्या 3 की मतदाता सूची में क्रमांक 190 पर उदयलाल, पिता रतनलाल, मकान संख्या 48, आयु 35 वर्ष दर्ज हैं। वहीं ग्राम पंचायत उदपुरा के वार्ड संख्या 3 की मतदाता सूची में क्रमांक 61 पर उदयराम, पिता रतनलाल, मकान संख्या 08, आयु 36 वर्ष दर्ज हैं। शिकायतकर्ता ने दोनों प्रविष्टियों को एक ही व्यक्ति का बताते हुए आरोप लगाया कि नामांकन के दौरान इस तथ्य को शपथ-पत्र में छिपाया गया।
मतपत्रों और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की मांग
ज्ञापन में जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की गई है कि सभी मतपत्रों, गणना पत्रकों, आरओ डायरी और मतगणना कक्ष की सीसीटीवी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग को तत्काल सील कर जिला कोषागार में सुरक्षित रखा जाए, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। साथ ही दोनों ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों में नाम दर्ज होने से जुड़े दस्तावेजों और शपथ-पत्र की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इन अनियमितताओं के संबंध में 13 नवंबर को जिला न्यायालय, चित्तौड़गढ़ में चुनाव याचिका भी दायर की जा रही है। ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर निर्वाचन अधिकारी अथवा विजयी प्रत्याशी का पक्ष उपलब्ध नहीं कराया गया है।