श्री बरखा सिंथेटिक लिमिटेड के श्रमिकों में अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, फैक्ट्री प्रबंधन पर बिना पूर्व सूचना काम से हटाने का आरोप,कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय और बकाया राशि दिलाने की मांग

पुनित चपलोत

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा के रीको रोड स्थित श्री बरखा सिंथेटिक लिमिटेड कंपनी में कार्यरत करीब 50 श्रमिकों के सामने अचानक रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर बिना किसी पूर्व सूचना के 12 नवंबर को उन्हें काम से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। श्रमिकों का कहना है कि इनमें कई कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से कंपनी में सेवाएं दे रहे थे, लेकिन प्रबंधन ने न तो उनका अंतिम हिसाब किया और न ही बोनस, पीएफ सहित अन्य बकाया राशि का भुगतान किया।

श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी में बोनस की मांग करने पर कर्मचारियों को काम से हटा दिया जाता है। वेतन समझौते और एरियर का भुगतान भी चार से छह महीने तक लंबित रखा जाता है। कर्मचारियों को वेतन पर्ची तक नहीं दी जाती, जिससे उन्हें अपने वेतन और उसमें होने वाली कटौती की सही जानकारी नहीं मिल पाती। श्रमिकों ने कंपनी में पीने के पानी की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से पानी ठंडा करने वाला फ्रिज खराब पड़ा है और कर्मचारियों को गर्म और गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।

श्रमिकों ने बताया कि इस मामले में श्रम विभाग और संबंधित पुलिस थाने में भी शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को श्रमिकों ने फैक्ट्री के बाहर के साथ ही जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने, बकाया वेतन, बोनस, पीएफ और अन्य देय राशि का भुगतान कराने की मांग की। साथ ही रोजगार मिलने तक उनके परिवारों के
भरण-पोषण की व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई।

श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को मजबूर होंगे।