विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तर पर करेंगे बूंदी का प्रतिनिधित्व
बूंदी- स्मार्ट हलचल|मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ नशामुक्त भारत का सशक्त संदेश दिया। जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने बताया कि जिलेभर से आए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भाषण, चित्रकला, स्लोगन लेखन, कविता पाठ, रील निर्माण, नुक्कड़ नाटक, समूह लोकगीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का मन मोह लिया और उत्कृष्ट कौशल को जिलास्तरीय मंच पर प्रदर्शित किया। लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कुमार कट्टा ने बताया कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उनकी प्रतिभा को सकारात्मक मंच प्रदान करना तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राहुल चन्देल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देंगे। अध्यक्षता राजकीय महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अर्पित जैन तथा जिला टीबी सेल समन्वयक शैलेंद्र भारद्वाज रहे।
अतिथियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर विचार व्यक्त किए तथा युवा पीढ़ी से दुर्व्यसनों से दूर रहने की अपील की। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन में उड़ान युवा मंडल के अध्यक्ष गोविंद प्रजापत, रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के अध्यक्ष शिखर पंचोली, सचिव रोहन गुर्जर, हरीश कुमार सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी शिक्षक दीपक शर्मा व रोहिल कुमार कट्टा ने किया। समापन पर अतिथियों ने युवाओं को “नशा मुक्त भारत–विकसित भारत” की सामूहिक शपथ दिलाकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
ये रहे विजेता-उपविजेता
माय भारत से जुड़े भूपेन्द्र योगी ने बताया कि दलीय प्रतियोगिताओं में समूह नृत्य में टीपी डांस स्टूडियो प्रथम, स्वामी विवेकानंद स्कूल द्वितीय तथा साइंस एकेडमी तृतीय रही। नुक्कड़ नाटक में साइंस एकेडमी प्रथम, मगारावि राजतगृह द्वितीय तथा विद्याविहार हैप्पी स्कूल तृतीय रहा। एकल प्रतियोगिताओं में भाषण में अरविंद प्रजापत, स्लोगन लेखन में पारुल सोनी, कविता पाठ में कुलदीपा योगी, चित्रकला में आरती मेघवाल तथा रील निर्माण में यतेंद्र वर्मा प्रथम रहे। क्रमशः रेहांश सैनी, अंकिता सैन, सलोनी हाड़ा, किरण शर्मा एवं विवेक गुर्जर द्वितीय रहे, जबकि दीपा नागर, चेष्टा, नीलम गुर्जर, दीक्षांत गौड़ एवं आदित्य धाकड़ तृतीय स्थान पर रहे। सभी प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बूंदी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक मंडल में ये रहे शामिल
निर्णायक मंडल में किशनलाल कहार, लाभचंद कुशवाह, नंदप्रकाश शर्मा, सोहनलाल कुम्हार, कवि जगदीश अनुरागी, नारायण मंडोवरा, कवि चंदू चंद्राकार, रविंद्र गुर्जर, कृष्णकांत राठौर, नारायण कुमार बैरागी, रेहाना चिश्ती, मनीषा कुमावत, अर्जुन सिंह, तनिष्का शर्मा शामिल रहे।
