जयपुर से रहस्यमयी ढंग से हुआ था लापता, चौमूं पुलिया पर आया होश; पुलिस अब लूट या वारदात के एंगल से करेगी जांच
भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|बनेड़ा थाना क्षेत्र के लसाड़िया गांव निवासी नारायण गुर्जर (55) चार दिन बाद सोमवार शाम सकुशल अपने घर लौट आए। हालांकि उनके पास मौजूद 50 हजार रुपये नकद, एक तोले का सोने का नावा और करीब पाव भर चांदी के जेवर गायब मिले, जिससे मामले में लूटपाट की आशंका गहरा गई है।
नारायण 31 जुलाई की रात चिड़ावा से लौटते समय जयपुर के सिंधी कैंप से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए थे। उनका मोबाइल बंद मिलने और अंतिम लोकेशन जयपुर के सी-स्कीम क्षेत्र में मिलने के बाद परिजनों ने बनेड़ा थाने पर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बताया जा रहा है कि नारायण को होश जयपुर की चौमूं पुलिया पर आया। वहां एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने इंसानियत दिखाते हुए उन्हें टोंक-देवली तक पहुंचाया और आगे के सफर के लिए किराया भी दिया। अब पुलिस नारायण के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद विस्तृत बयान दर्ज कर घटना की परतें खोलने और बदमाशों की तलाश में जुटेगी।
