(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने मजदूरों और किसानों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने बताया कि 10 अगस्त को राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर श्रमिकों और किसानों की आवाज बुलंद की जाएगी।
गांधी मजदूर सेवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में श्रीमाली ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों और नई तकनीकों के कारण पारंपरिक रोजगार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस संगठन में इंटक कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर भी नाराजगी जताई।
इंटक जिलाध्यक्ष दीपक व्यास ने आरोप लगाया कि भीलवाड़ा में करोड़ों रुपये के डीएमडी फंड के बावजूद टेक्सटाइल उद्योग के हजारों श्रमिकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने श्रमिकों के शोषण पर रोक लगाने और उनके अधिकारों की रक्षा की मांग की। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास, इंटक प्रदेश महामंत्री नारायणलाल गुर्जर, जिला महिला अध्यक्ष ममता शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
