स्मार्ट हलचल की खबर का असर: लाडपुरा-मेनाल हाईवे के गड्ढों की हुई मरम्मत, अब स्थायी सड़क निर्माण की उठी मांग

शिव लाल जांगिड़

स्मार्ट हलचल, लाडपुरा। कोटा-चित्तौड़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर लाडपुरा से मेनाल के बीच क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर ‘स्मार्ट हलचल’ में प्रमुखता से प्रकाशित समाचार का असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों में ग्रेवल और मिट्टी डलवाकर अस्थायी मरम्मत कार्य शुरू कराया, जिससे वाहन चालकों को फिलहाल कुछ राहत मिली है।बारिश के बाद इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए थे। सड़क के दोनों ओर उखड़ी सतह और बिखरी गिट्टी के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई थी। रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा था। स्मार्ट हलचल द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गड्ढों को भरवाने का कार्य शुरू कराया।

हालांकि वाहन चालकों का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान है। उनका कहना है कि ग्रेवल और मिट्टी डालने से पहली ही बारिश में सड़क फिर से खराब हो जाएगी। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि लाडपुरा-मेनाल मार्ग के दोनों ओर क्षतिग्रस्त हिस्से का स्थायी रूप से पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों और वाहन चालकों ने उम्मीद जताई है कि विभाग अब केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रहकर इस महत्वपूर्ण राजमार्ग के स्थायी सुधार की दिशा में भी शीघ्र कदम उठाएगा।