उदयपुर के सरकारी विद्यालयों में मानसून सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

समग्र शिक्षा ने जारी की गाइडलाइन: जर्जर भवनों में शिक्षण कार्य पर पूर्ण रोक

संस्था प्रधान प्रतिदिन करेंगे विद्यालय भवन का निरीक्षण, उसके बाद ही मिलेगा विद्यार्थियों को प्रवेश

उदयपुर 24 जुलाई
स्मार्ट हलचल|राज्य सरकार के मंशानुरूप मानसून सत्र के दौरान राजकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उदयपुर जिले में विशेष कदम उठाए गए हैं। समग्र शिक्षा उदयपुर के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक श्री कुंज बिहारी भारद्वाज ने इस संबंध में जिले के समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर सुरक्षात्मक उपाय अपनाने के आदेश दिए हैं।
असुरक्षित क्षेत्रों में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित

जारी निर्देशों के अनुसार जिले के किसी भी विद्यालय के जर्जर अथवा असुरक्षित कक्षा-कक्ष में अध्ययन या अध्यापन कार्य नहीं कराया जाएगा। ऐसे असुरक्षित ढांचों और परिसरों की परिधि को लाल रिबन एवं बैरिकेड्स लगाकर पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही, विद्यार्थियों की सजगता के लिए वहां स्पष्ट रूप से नोटिस चस्पा किए जाएंगे ताकि कोई भी छात्र उस क्षेत्र के नजदीक न जाए।

जल भराव की रोकथाम और छतों की सफाई

निर्देशों के तहत सभी संस्था प्रधानों को विद्यालय की छतों, नालियों और नालदों की तत्परता से साफ-सफाई कराने के आदेश दिए गए हैं, ताकि बारिश के पानी की व्यवस्थित निकासी हो सके। विद्यालय परिसर में कहीं भी जल भराव नहीं होने दिया जाएगा। यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाएगा कि बारिश का बहता हुआ पानी किसी भी स्थिति में विद्यालय भवन की नींव में प्रवेश न करे। इसके अलावा पट्टियों वाले कक्षों में गर्डर्स पर पेंट करवाया जाएगा।

विद्युत सुरक्षा पर विशेष फोकस

विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में बिजली के ढीले, टूटे या लटके हुए तारों को तुरंत दुरुस्त करने तथा उनके जॉइंट्स पर टेपिंग करवाने के निर्देश दिए गए हैं। टूटे हुए स्विच बोर्ड्स को भी बदला जाएगा। यदि विद्यालय की छत या दीवारों पर सीलन पाई जाती है, तो दुर्घटना से बचाव के लिए तुरंत विद्यालय का विद्युत संबंध विच्छेद (मेन स्विच बंद) रखा जाएगा।

दैनिक निरीक्षण के बाद ही मिलेगा प्रवेश

इस मानसून सत्र में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संस्था प्रधान और विद्यालय के कार्मिक प्रतिदिन सुरक्षात्मक तरीके से पूरे विद्यालय भवन का सघन निरीक्षण करेंगे। इस निरीक्षण के उपरांत सुरक्षित पाए जाने पर ही विद्यार्थियों को विद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा।

रिकॉर्ड सुरक्षा और अन्य प्रबंध

दिशानिर्देशों के अंतर्गत विद्यालय के आवश्यक शाला रिकॉर्ड को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने के आदेश दिए गए हैं। कक्षा-कक्षों में कंडम फर्नीचर को स्टोर करने पर पूरी तरह रोक रहेगी तथा परिसर से कूड़ा-कचरा साफ करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विद्यालय परिसर में स्थित अन्य संभावित दुर्घटनाग्रस्त इकाइयों जैसे कुआं, बावड़ी, बोरिंग, टंकी और टांके आदि को कवर कर पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा।