ब्रेकिंग | जहाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चलती लग्जरी कार छोड़ भागा तस्कर, 351 किलो डोडा पोस्त बरामद
नाकाबंदी देख कार मोड़ी, पीछा करने पर वाहन छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार; 70.68 लाख का माल जब्त
अलकेश पारीक
जहाजपुर | स्मार्ट हलचल|जहाजपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी किया कैरेंस कार से 351.220 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 70.68 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस फरार तस्कर की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 23-24 जुलाई की रात विशेष अभियान के तहत जहाजपुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान तड़के करीब 1:40 बजे एक सफेद रंग की किया कैरेंस (RJ-20-CH-5284) नाकाबंदी के पास पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने अचानक वाहन मोड़कर तेज गति से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। कुछ दूरी पर चालक कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 21 कट्टों में भरा 351.220 किलो डोडा पोस्त मिला।
कार पर मिले दो फर्जी नंबर प्लेट
तलाशी के दौरान कार से दो अतिरिक्त नंबर प्लेट (RJ-01-CE-7432 एवं GJ-06-PS-1306) भी बरामद हुईं। इससे आशंका जताई जा रही है कि तस्कर पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने वाहन, डोडा पोस्त और अतिरिक्त नंबर प्लेट जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पारोली थाना के अधिकारी को सौंपी गई है।
जब्ती का विवरण
बरामद डोडा पोस्त : 351.220 किलोग्राम
अनुमानित कीमत : ₹52,68,300
जब्त किया कैरेंस कार की कीमत : ₹18 लाख
कुल जब्ती : ₹70,68,300
चर्चा के बड़े सवाल
तस्कर आखिर कहां से डोडा पोस्त लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी?
कार पर दो अतिरिक्त नंबर प्लेट क्यों रखी गई थीं?
फरार चालक की पहचान पुलिस कब तक कर पाएगी?
क्या इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है?
अब सबसे बड़ा सवाल—जब तस्कर रात में 351 किलो डोडा पोस्त लेकर जहाजपुर क्षेत्र तक पहुंच गया, तो रास्ते में पड़ने वाले अन्य क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं।
