उदयपुर, 1 जुलाई। स्मार्ट हलचल।ग्रीन पीपल सोसायटी की मासिक बैठक आयोजित कर आगामी वर्षा ऋतु में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से बड़े स्तर पर हरित अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न पंचायतों के विद्यालयों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आगामी वर्षा ऋतु में विद्यालयों में लगाए जाने वाले पौधों की आवश्यकता के अनुसार सूची तैयार कर पौधों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ग्रीन पीपल सोसायटी द्वारा तैयार पौधारोपण तकनीक संबंधी वीडियो विद्यालयों में प्रसारित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी एवं शिक्षक वैज्ञानिक तरीके से पौधारोपण कर सकें।
बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को आवंटित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण के लिए अग्रिम मृदा कार्य समय पर पूर्ण कराने तथा पंचायत समिति बड़गांव क्षेत्र के विद्यालयों का चयन करने का निर्णय लिया गया।
राहुल भटनागर ने बताया कि पिपलांत्री ग्राम में कार्बन क्रेडिट का सफल प्रोजेक्ट ग्रीन पीपल सोसायटी द्वारा पूर्ण किया जा चुका है। इसी अनुभव के आधार पर भविष्य में भी कार्बन क्रेडिट एवं जलवायु संरक्षण से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बर्ड फेस्टिवल का आयोजन उदयपुर एवं जयपुर के साथ-साथ पहली बार माउंट आबू में भी किया जाएगा। इसके लिए अलग कार्यकारिणी गठित कर तैयारियां प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
सोसायटी के वार्षिक कार्य कैलेंडर को अंतिम रूप देते हुए वर्षभर मनाए जाने वाले महत्वपूर्ण पर्यावरणीय दिवसों एवं अभियानों पर चर्चा की गई। इनमें जन चेतना अभियान, पर्यावरण सुधार कार्यक्रम, वर्ल्ड वाइल्डलाइफ डे, बर्ड फेयर, पैडल टू जंगल सहित विभिन्न गतिविधियों के सफल क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में ग्रीन पीपल सोसायटी एवं टेरा ब्लू क्लाइमेट टेक्नोलॉजी के मध्य कार्बन क्रेडिट आधारित एमओयू की प्रगति की समीक्षा की गई तथा बायोचार के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आय सृजन की संभावनाओं पर भविष्य में कार्य करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में एस. एन. दवे, डॉ. सतीश शर्मा, सुहेल मजबूर, डॉ. ललित जोशी, प्रताप सिंह चुंडावत, यासीन मोहम्मद पठान, इस्माइल अली दुर्गा, गौरव द्विवेदी, शैली सिंह एवं जगमाल खंगारोत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
