काछोला 27 जून -स्मार्ट हलचल।मोहर्रम के पावन पर्व के अवसर पर काछोला कस्बे में हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की शहादत की याद में विभिन्न धार्मिक परंपराएं अकीदत के साथ निभाई गईं। इसी क्रम में कई परिवारों ने अपनी मन्नत पूरी होने पर बच्चों को गुड़, नारियल, खोपरा और सिरनी से तोलकर मन्नत अदा की।
परंपरा के अनुसार बच्चों को तराजू के एक पलड़े में बैठाया गया, जबकि दूसरे पलड़े में गुड़, नारियल, खोपरा और सिरनी रखकर तोला गया। बाद में इस सामग्री को अकीदतमंदों और जरूरतमंदों में बांटा गया। इस दौरान पर्व पर श्रद्धा और भाईचारे की भावना देखने को मिली।
कस्बे में मोहर्रम के दौरान निकले ताजिया और जुलूसों में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। लोगों ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उनकी शिक्षाओं पर चलने का संकल्प लिया।
मोहर्रम के आयोजन में युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिखाई दिया।
