27 अप्रैल तक जुड़वाएं नाम, 26 अप्रैल को विशेष अभियान

मोहम्मद आज़ाद नेब

जहाजपुर |स्मार्ट हलचल|नगर पालिका निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत 13 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। इसके साथ ही 13 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक ऐसे पात्र नागरिकों को मौका दिया गया है, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं है, वे अपना नाम जुड़वा सकते हैं।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिन व्यक्तियों की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और वे संबंधित वार्ड के निवासी हैं, वे अपने वार्ड के पदाभिहीत (बीएलओ) अधिकारी से संपर्क कर संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप-3 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

निर्वाचन अधिकारी राजकेश मीणा ने बताया कि इस पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है और सभी आवश्यक सहयोग मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगा। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस घोषित किया गया है। इस दिन सभी पदाभिहीत अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक उपस्थित रहकर आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे। वहीं अन्य दिनों में अधिकारी आधे दिवस मतदान केंद्र पर उपलब्ध रहेंगे।
प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे तय समयावधि में संबंधित अधिकारी से संपर्क कर अपने नाम निर्वाचक नामावली में अवश्य जुड़वाएं, ताकि आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।