कोटड़ी का सपूत बना राष्ट्र का प्रहरी, सहायक कमांडेंट अभिषेक शर्मा का स्वागत समारोह 25 को

मूलचन्द पेसवानी

शाहपुरा,स्मार्ट हलचल|देशभक्ति, समर्पण और गर्व की अद्भुत अनुभूति से सराबोर भीलवाड़ा जिले का कोटड़ी कस्बा 25 अप्रेल शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। कोटड़ी निवासी वरिष्ठ पत्रकार श्यामसुंदर शर्मा के सुपुत्र अभिषेक शर्मा ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरसीएफ) में सहायक कमांडेंट के रूप में दीक्षा प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनके प्रथम गृह आगमन पर 25 अप्रैल शनिवार को प्रातः 8 बजे खोलपुरा पेट्रोल पंप, कोटड़ी पर भव्य एवं विराट स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्रवासियों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।
यह केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि देशसेवा के लिए समर्पित एक युवा के सम्मान में उमड़ती जनभावनाओं का महासंगम होगा। अभिषेक शर्मा ने 13 माह के कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण को सफलता पूर्वक पूर्ण कर देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली है। उनका यह सफर संघर्ष, अनुशासन और अटूट राष्ट्रभक्ति की मिसाल है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।
श्यामसुंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभिषेक के सहायक कमांडेंट बनने के बाद उनका यह पहला गृह आगमन है, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे कोटड़ी क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। गांव-गांव से लोग इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए उत्साहित हैं। विशेष रूप से युवाओं में देशसेवा के प्रति नई ऊर्जा और जोश का संचार हुआ है।
स्वागत समारोह के पश्चात अभिषेक शर्मा का चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करने का कार्यक्रम भी निर्धारित है। वे अपने जीवन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को ईश्वर को समर्पित करते हुए चारभुजानाथ भगवान को प्रथम सैल्यूट देंगे। यह क्षण न केवल आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि यह संदेश भी देगा कि देशसेवा का मार्ग संस्कारों और श्रद्धा से होकर गुजरता है।
हाल ही में आयोजित दीक्षा परेड में अभिषेक शर्मा ने भाग लेकर अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके माता-पिता सहित पूरा परिवार उपस्थित रहा और इस उपलब्धि को साझा किया। अभिषेक का चयन छत्तीसगढ़ के रायपुर में पदस्थापन के लिए हुआ है, जहां वे अपनी सेवाएं देते हुए राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अभिषेक शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिली कठिनाइयों ने उन्हें और अधिक मजबूत बनाया है। दीक्षा परेड में शामिल होना उनके लिए जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण रहा। उन्होंने कहा कि अब उनका एकमात्र लक्ष्य देश की सेवा करना है और वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जज्बे के साथ करेंगे।
कोटड़ी क्षेत्र के लिए यह क्षण इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि अभिषेक शर्मा इस पद पर पहुंचने वाले पहले युवा हैं। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के मन में नई उम्मीद और प्रेरणा का संचार किया है। हर कोई इस सपूत के स्वागत के लिए आतुर है, जिसने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
समारोह को लेकर गांव में देशभक्ति के रंग साफ झलक रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह केवल अभिषेक का नहीं, बल्कि पूरे कोटड़ी और भीलवाड़ा जिले का गौरव है। अभिषेक शर्मा की यह सफलता इस बात का प्रतीक है कि यदि संकल्प मजबूत हो और लक्ष्य स्पष्ट, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनका यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगा।