फुटबॉल के मैदान में पहुंचे नगर पालिका उपाध्यक्ष डॉ. इशाक, 50 खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

ईदगाह मैदान में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में मैत्री मुकाबला, युवाओं को दिया नशामुक्ति और अनुशासन का संदेश
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|मैदान में दौड़ते युवा खिलाड़ी, फुटबॉल के पीछे लक्ष्य साधते कदम और खेल के प्रति जुनून…। ईदगाह मैदान में इन दिनों फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे करीब 50 खिलाड़ियों का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय बियर्ड चैंपियन डॉ. मोहम्मद इशाक खिलाड़ियों के बीच पहुंचे। उन्होंने न केवल प्रशिक्षु खिलाड़ियों से मुलाकात की, बल्कि उनके साथ समय बिताकर खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और नशामुक्त जीवन का संदेश भी दिया।
स्थानीय ईदगाह मैदान पर संचालित फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के दौरान डॉ. मोहम्मद इशाक ने खिलाड़ियों से शिष्टाचार भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान शारीरिक शिक्षक एवं फुटबॉल कोच हबीब खान तथा सेवानिवृत्त एएसआई चिराग खान नेताजी भी मौजूद रहे।
परिचय के बाद मैदान में उतरीं दो टीमें
शिविर के दौरे को खिलाड़ियों के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षुओं को दो टीमों में विभाजित कर मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। मैच शुरू होने से पहले अतिथियों ने प्रिंसिपल सैयद सदाकत अली के साथ सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फुटबॉल खेल की बारीकियों और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
अतिथियों ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला भी है। खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन जैसे गुण विकसित होते हैं।
व्यसन मुक्त जीवन ही स्वस्थ जीवन
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. इशाक एवं अन्य अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि निजी जीवन में भी इसका पालन जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से नियमित शारीरिक अभ्यास करने, खेल गतिविधियों से जुड़ने और अपने साथियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उनका संदेश स्पष्ट था कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के लिए नशे से दूरी तथा खेलों से जुड़ाव जरूरी है।
समाजसेवी ने एक घंटे तक निशुल्क संवारी मैदान की सूरत
कार्यक्रम में एसडीपीआई पार्षद यूसुफ सिलावट, मानवाधिकार कार्यकर्ता शब्बीर आजाद, एडवोकेट ताज मोहम्मद, एनआरआई सत्तार खान, पूर्व खिलाड़ी बाबू खांजी, अध्यापक रफीक रंगरेज सहित कई वरिष्ठजन, प्रशिक्षित फुटबॉल खिलाड़ी और कोच उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का एक खास पहलू समाजसेवी सलीम खान की पहल भी रही। समारोह के बाद उन्होंने अपने ट्रैक्टर से करीब एक घंटे तक फुटबॉल मैदान की ड्रेसिंग कर उसे समतल और व्यवस्थित किया। उन्होंने यह कार्य पूरी तरह निशुल्क किया।
शिविर व्यवस्थापकों ने सलीम खान की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका विशेष आभार जताया। अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
ईदगाह मैदान में चल रहा यह प्रशिक्षण शिविर खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल बन रहा है।