नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन जुए के अड्डे पर दबिश,तीन आरोपी गिरफ्तार, 15 मोबाइल और लैपटॉप जब्त

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।नागौर पुलिस ने ऑनलाइन जुआ संचालित करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन तथा क्रिकेट सट्टेबाजी का हिसाब-किताब रखने वाला रजिस्टर बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी वृत्त नागौर के निकट सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी वेदपाल शिवराण के नेतृत्व में टीम द्वारा ऑनलाइन गेम्स की आड़ में चल रही क्रिकेट सट्टेबाजी की सूचना पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार डीएसटी टीम को सूचना मिली कि नागौर शहर के मानासर चौराहा क्षेत्र स्थित एक मकान में कुछ युवक क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन जुआ-सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मकान के एक कमरे में तीन युवक और एक बालक मौजूद मिले। तलाशी लेने पर वहां से एक लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों के 15 मोबाइल फोन तथा क्रिकेट बुकी का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिलाने का कार्य कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर ऑनलाइन नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी
राकेश पुत्र रामप्रकाश, निवासी लालाप, थाना भावण्डा, जिला नागौर।
अशोक पुत्र रतनलाल, निवासी सिणोद, थाना खिवसर, जिला नागौर।
गजेन्द्र पुत्र महावीर, निवासी सिणोद, थाना खिवसर, जिला नागौर।
बरामदगी
एक लैपटॉप
विभिन्न कंपनियों के 15 मोबाइल फोन
क्रिकेट बुकी का हिसाब-किताब रजिस्टर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागौर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।