अमृत भारत योजना के तहत 96 फीसदी काम पूरा,यात्रियों को मिलने लगी आधुनिक सुविधाएं।
एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।बदलाव जब दिखने लगे तो इंतजार भी सार्थक लगने लगता है। करीब ढाई साल तक चले पुनर्विकास कार्य के बाद अब नागौर रेलवे स्टेशन नए स्वरूप में उभर रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। आने वाले समय में यह स्टेशन केवल रेल यात्रा का केंद्र नहीं बल्कि नागौर की नई पहचान के रूप में भी देखा जाएगा।
स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को सबसे पहले नया मुख्य प्रवेश द्वार स्वागत करता नजर आता है। पहले जहां निर्माण कार्य के कारण अस्थाई व्यवस्थाओं से होकर गुजरना पड़ता था,वहीं अब चौड़ा और सुव्यवस्थित प्रवेश मार्ग यात्रा को अधिक आसान और आरामदायक बना रहा है। रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह बदलाव सुविधा और समय दोनों की बचत लेकर आया है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी इस संबंध में बताते हैं कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत करीब 17.32 करोड़ रुपए की लागत से विकसित हो रहे स्टेशन में आधुनिकता और स्थानीय संस्कृति का संतुलित समावेश किया गया है। स्टेशन भवन के बड़े पिलर्स और दीवारों पर राजस्थानी शैली की नक्काशी उकेरी गई है, जो नागौर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप देती है। स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों को शहर की पहचान और परंपरा से जोड़ने का प्रयास करता है।
स्टेशन भवन के डिजाइन में राजस्थान की सांस्कृतिक गरिमा को विशेष स्थान दिया गया है। अलग-अलग हिस्सों में लगाए जा रहे कलात्मक तत्व स्थानीय इतिहास,कला और सामाजिक जीवन की झलक प्रस्तुत करते हैं। इससे बाहर से आने वाले यात्रियों को नागौर को समझने और महसूस करने का नया अनुभव मिलेगा। यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखकर स्टेशन की व्यवस्था को नए सिरे से तैयार किया गया है। सभी टिकट काउंटरों को मुख्य हॉल में स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे टिकट लेने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सरल होगी। विशाल प्रतीक्षालय,बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक सुविधाएं यात्रा अनुभव को अधिक सहज बनाएंगी।
स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए नया और चौड़ा फुट ओवरब्रिज तैयार किया जा रहा है। बुजुर्गों,दिव्यांगजनों और मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट तथा यात्रियों की आसान आवाजाही के लिए एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। इससे स्टेशन सभी वर्गों के यात्रियों के लिए अधिक सुगम बन सकेगा।
स्टेशन परिसर के बाहर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। प्रवेश और निकास के लिए अलग मार्ग,बेहतर पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक ड्रॉप-ऑफ पोर्च और नया सर्कुलेटिंग एरिया स्टेशन को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाएंगे।
*मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं*
यात्रियों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े शेल्टर,पेयजल बूथ,आधुनिक फर्नीचर,नए साइन बोर्ड और स्वच्छ शौचालय विकसित किए जा रहे हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग सुविधाएं तथा स्टेशन परिसर के बाहर ‘पे एंड यूज’ शौचालय भी उपलब्ध कराया जाएगा।
*स्थानीय सांस्कृतिक गौरव का केंद्र बनेगा रेलवे स्टेशन*
रेलवे के अनुसार शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नागौर रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आने-जाने का स्थान नहीं रहेगा,बल्कि आधुनिक विकास,बेहतर सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक गौरव का ऐसा केंद्र बनेगा, जो आने वाले वर्षों में शहर की पहचान को नई ऊंचाई देगा और जिस पर हर नागौरवासी को गर्व होगा।
