मंगरोप में नाले की टूटी जाली बनी हादसों का कारण: कई लोग गिरकर घायल,वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी,5 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

मंगरोप@मुकेश खटीक।कस्बे के खटीक मोहल्ला स्थित सदर बाजार के मुख्य मार्ग पर नाले के ऊपर लगी लोहे की जाली लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई है।व्यस्त मार्ग पर जाली टूटने से आमजन और वाहन चालकों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन पर अनदेखी और उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार क्षतिग्रस्त जाली के कारण आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।कई लोग संतुलन बिगड़ने से नाले में गिर चुके हैं,जबकि भारी वाहनों और चारपहिया वाहनों के गुजरने के दौरान टायर फटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।बाजार क्षेत्र होने के कारण दिनभर यहां लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है,जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।मंगरोप विकास संघर्ष समिति के सचिव राहुल खटीक ने बताया कि गत माह क्षतिग्रस्त जाली के कारण एक टेम्पो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टेम्पो पास के नाले में फंस गया था।घटना शाम के समय हुई थी।आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और उसके सहयोगी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।उन्होंने कहा कि यदि उस समय लोगों की मौजूदगी नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था और दोनों की जान भी जोखिम में पड़ सकती थी।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पंचायत प्रशासन को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया,लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।लोगों का आरोप है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस खतरनाक स्थान की लगातार अनदेखी की जा रही है,जबकि यह क्षेत्र बाजार और आबादी के बीच स्थित होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नई मजबूत जाली लगाकर नाले को सुरक्षित करने की मांग की है।उनका कहना है कि बरसात के मौसम में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है तथा किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि आगामी पांच दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त जाली को बदलकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पंचायत प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।लोगों ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन सहित जनआंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।