नालसा स्पृहा योजना के तहत खेरली रेल की काव्या लाइब्रेरी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

25 लाभार्थियों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

दिनेश लेखी

कठूमर। स्मार्ट हलचल।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर एवं तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के तत्वावधान में मंगलवार को खेरली रेल स्थित काव्या लाइब्रेरी में नालसा स्पृहा योजना 2025 के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकार मित्र वीरेंद्र कुमार नूंगरवार ने बंदियों के विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता, गिरफ्तारी एवं निरुद्धि के दौरान मिलने वाली कानूनी सुरक्षा तथा शिकायत निवारण व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में करीब 25 लाभार्थियों ने भाग लिया।

अधिकार मित्र नूंगरवार ने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देता है। किसी व्यक्ति के गिरफ्तार होने अथवा जेल में निरुद्ध होने मात्र से उसके मौलिक अधिकार समाप्त नहीं होते। बंदियों को भी सम्मानजनक व्यवहार, निष्पक्ष सुनवाई और न्याय पाने का पूरा अधिकार है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी प्राप्त करना, परिवार के सदस्य या परिचित को गिरफ्तारी की सूचना देना तथा अपनी पसंद के अधिवक्ता से परामर्श लेना गिरफ्तार व्यक्ति के प्रमुख अधिकार हैं। आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है। गिरफ्तार व्यक्ति को निर्धारित समय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में बंदियों के साथ मारपीट, अमानवीय व्यवहार, उत्पीड़न और गैरकानूनी दबाव नहीं बनाने, चिकित्सा सुविधा एवं स्वास्थ्य परीक्षण उपलब्ध कराने तथा अधिकारों के उल्लंघन पर शिकायत दर्ज कराने के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि यदि किसी बंदी को अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है या उसके साथ दुर्व्यवहार हो रहा है तो वह जेल प्रशासन, संबंधित न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर सकता है। विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहे।

अंत में लाभार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन **15100** की जानकारी देते हुए बताया कि इस पर संपर्क कर पात्र व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता ही न्याय प्राप्ति की दिशा में पहला कदम है।