काछोला मे कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई
देव दीपावली, सरोवरों पर उमड़ी महिलाओं की भीड़
महिलाओं ने मंगल गीत गाकर किया स्नान, सूर्यदेव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
काछोला 24 नवंबर – स्मार्ट हलचल।कस्बे सहित खेराड़ क्षेत्र में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली का पावन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही क्षेत्र के सरोवरों और जलाशयों पर महिलाओं की चहल-पहल देखने को मिली।
महिलाओं ने प्रातःकाल उठकर सरोवरों में स्नान किया तथा सूर्यदेव को अर्घ्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। काछोला कस्बे सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने त्रिवेणी संगम पर पहुंचकर पवित्र स्नान किया। वहीं कस्बे की महिलाओं ने प्रताप सागर तालाब में स्नान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
इस दौरान महिलाओं ने सरोवरों के किनारे मंगल गीत गाए और भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।