नशे के खिलाफ भीलवाड़ा एएनटीएफ का बड़ा एक्शन,45 किलो डोडा चूरा के साथ ब्रेजा कार जब्त, टायर फटने से डिवाइडर से टकराई तस्कर कि कार

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है।इसी कड़ी में भीलवाड़ा एएनटीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद कर एक ब्रेजा कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फिल्मी अंदाज में करीब 5 किलोमीटर पीछा कर आरोपी तस्कर को धर दबोचा।
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन तथा उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित जैन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सूचना मिली थी कि बेंगू-चितौड़गढ़ की तरफ से एक सफेद ब्रेजा कार में अवैध मादक पदार्थ भरकर जोधपुर ले जाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद एएनटीएफ टीम ने मांडल थाना क्षेत्र के एनएच-79 स्थित भदालीखेड़ा में सादा वेश में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ब्रेजा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार तेज गति से भगाते हुए नाकाबंदी तोड़ दी। टीम ने कार को रोकने के लिए स्टॉप स्टिक भी डाली, मगर आरोपी नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा किया। इसी दौरान कार का टायर फट गया और चालक संतुलन खो बैठा, जिससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और मांडल पुलिस को सूचना दी। तलाशी में कार से 45 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ब्रेजा कार नंबर आरजे 60 सीडी 6910 को जब्त कर आरोपी विकास पुत्र थानाराम विश्नोई (24) निवासी डोली, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा को गिरफ्तार कर लिया।

*पुलिस की आमजन से अपील*
पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी अपराध से जुड़ी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।