नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच ने 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती देशभर में व्यापक स्तर पर मनाने का राष्ट्रव्यापी आह्वान किया है। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री यशवंत सिंह दरबार के निर्देशन में राष्ट्रीय महासचिव राकेश मीणा ने सभी प्रदेश अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जयंती समारोह आयोजित करने की अपील की है। संगठन की ओर से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रदेश से लेकर गांव स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है।
राकेश मीणा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और आदिवासी अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने अपने संघर्ष से समाज को अधिकारों के प्रति जागरूक होने और अन्याय के खिलाफ एकजुट रहने की प्रेरणा दी। ऐसे में उनकी जयंती केवल माल्यार्पण और श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे शिक्षा, संगठन, सामाजिक एकता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता के बड़े अभियान के रूप में मनाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव राकेश मीणा ने सभी प्रदेश अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने राज्यों में संगठन की बैठकें आयोजित कर जयंती कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय करें। जिला अध्यक्षों के माध्यम से तहसील, ब्लॉक, शहर और आदिवासी बहुल गांवों तक कार्यक्रमों का विस्तार किया जाए। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी, सामाजिक जागरूकता रैली और जनजागृति कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की गई है। संगठन का प्रयास है कि देश के विभिन्न राज्यों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर आदिवासी समाज की एकजुटता का संदेश दिया जाए।
मंच की ओर से जयंती समारोहों में आदिवासी समाज के युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों को शामिल करने पर जोर दिया गया है। कार्यक्रमों में शिक्षा को प्राथमिकता देने, नई पीढ़ी को महापुरुषों के इतिहास से परिचित कराने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
राकेश मीणा ने सभी प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो और संक्षिप्त रिपोर्ट राष्ट्रीय कार्यालय को भेजने की अपील की है। इससे देशभर में आयोजित कार्यक्रमों का संगठनात्मक रिकॉर्ड तैयार होगा और विभिन्न राज्यों में समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की जा सकेगी।
राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख एवं महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रमेश गौड़ ने कहा कि संगठन में मिला पद केवल सम्मान और प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है। संगठन की वास्तविक पहचान पदों की संख्या से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए जाने वाले जमीनी कार्यों से होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच का उद्देश्य 15 नवंबर के आयोजन को केवल जयंती समारोह तक सीमित न रखकर राष्ट्रव्यापी सामाजिक जागरूकता अभियान बनाना है। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर आदिवासी समाज में शिक्षा, एकता, स्वाभिमान, सामाजिक समानता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा। मंच ने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रमों में भागीदारी निभाने और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
जय जोहार! जय आदिवासी!
राकेश मीणा, राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच, नई दिल्ली।