पोलियो ईश्वर के वरदान में एक अभिशाप है, इसे दो बूंद से हमेशा के लिए खत्म किया जा सकता है : डॉ. अभिनव निर्वाण

भीलवाड़ा, 28 जून।
स्मार्ट हलचल।कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा एवं वीरांगना झलकारी बाई महिला मंडल के सहयोग से वीरांगना झलकारी बाई सर्किल, सांगानेरी गेट स्थित पल्स पोलियो बूथ पर रविवार को आयोजित पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अभियान के दौरान 1 दिन से 5 वर्ष तक के कुल 527 बच्चों को पल्स पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई।
जिला पल्स पोलियो अधिकारी एवं आरसीएचओ डॉ. अभिनव निर्वाण ने बूथ का निरीक्षण करते हुए बताया कि झलकारी बाई सर्किल बूथ पर शहर में सर्वाधिक 527 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई, जो जनजागरूकता और समाज के सामूहिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर डॉ. अभिनव निर्वाण ने कहा कि “पोलियो ईश्वर के वरदान में एक अभिशाप है, जिसे केवल दो बूंद पल्स पोलियो की खुराक देकर हमेशा के लिए समाप्त किया जा सकता है। प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाए।”
अभियान में वीरांगना झलकारी बाई महिला मंडल की महिलाओं ने अंतिमा सुनारिया के नेतृत्व में पूरे उत्साह के साथ सेवाएं दीं। बूथ पर आने वाले प्रत्येक बच्चे को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने के साथ भामाशाहों के सहयोग से आकर्षक खिलौना उपहार भी भेंट किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान समाज अध्यक्ष ओम प्रकाश सुनारिया ने आरसीएचओ डॉ. अभिनव निर्वाण, सुनील पाठक, एएनएम गुड़िया खटीक, आशा सहयोगिनी विजयनंदिनी एवं चिकित्सा विभाग की टीम का केसरिया दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया।
अभियान को सफल बनाने में मोतीलाल आमेरिया, पवन खोरवाल, महेश नरबलिया तथा वीरांगना झलकारी बाई महिला मंडल की मधु, जानकी, अंजना, राजेश्वरी, भावना सहित सभी महिलाओं एवं स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में कोली समाज विकास ट्रस्ट ने चिकित्सा विभाग, भामाशाहों, महिला मंडल तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।