शहर में जागरूकता रैली निकाल कर दिया लक्षित बच्चों को दवा पिलाने का संदेश*
*राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत रविवार से*
*0 से 5 साल की आयु तक के लक्षित 3 लाख 50 हजार 708 बच्चों को 1559 बूथों पर पिलाई जायेंगी पोलियो की खुराक*
भीलवाडा, 27 जून। स्मार्ट हलचल।पल्स पोलियो अभियान के तहत आमजन में जन चेतना जागृति व अभियान को सफल बनाने को लेकर शहर में शनिवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को अपने 0 से 5 वर्ष तक के छोटे-छोटे बच्चों को पोलियो रविवार के दिन पोलियो बूथ पर ले जाकर अधिकाधिक संख्या में दवा पिलाने का संदेश प्रसारित किया गया।
रैली को प्रद्यानाचार्य, आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज डॉ. पूजा गंगराड़े, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा व जिला चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण, डॉ. वीरेन्द्र शर्मा, डॉ. अमूल पारीक, डॉ. कपिल शर्मा, सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे। यह रैली राजकीय महात्मा गांधी जिला अस्पताल से रवाना होकर मुख्य मुख्य मार्गो से होते हुए वापस अस्पताल परिसर के आगे सम्पन्न हुई।
जागरूकता रैली के दौरान ‘‘दो बूंद जिदंगी की‘‘, यही है संकल्प हमारा, पोलियो मुक्त रहे देश हमारा, दो बूंद हर बार शहर की मुख्य सड़कों पर यह नारा आमजन के बीच गूंजता रहा। अभियान के दौरान आमजन से अपने बच्चों को अधिकाधिक संख्या में बूथों पर ले जाकर दवा पिलाने के लिए सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शर्मा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का आगाज 28 जून रविवार को किया जायेगा। अभियान के सफल आयोजन व लक्षित बच्चों को दवा पिलाने की जागरूकता के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जिले में कहीं माइकिंग, कहीं हॉर्डिंग्स फलैक्स तो कहीं पर जागरूकता रैली के माध्यम से पल्स पोलियो अभियान का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। शनिवार को शहर में राजकीय नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों की ओर से जागरूकता रैली के माध्यम से अधिकाधिक बच्चों को दवा पिलाने का संदेश घर-घर तक पहुंचाया गया।
जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. अभिनव निर्वाण ने बताया कि बच्चों को पोलियो मुक्त रखने के लिए 0 से 5 साल की आयु तक के लक्षित 3 लाख 50 हजार 708 बच्चों को पोलियो की खुराक दो बूॅंद जिन्दगी की पिलाई जायेगी। यह अभियान 28 जून से संचालित किया जाएगा। पहले दिन जिले में निर्धारित किए गए 1559 टीकाकरण बूथों पर तथा दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर टोलियों द्वारा छूटे बच्चों को दवा पिलाने का कार्य किया जायेगा।
