दवा व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी बंद आज

मांगों की अनदेखी के विरोध में केमिस्ट एसोसिएशन करेगा प्रदर्शन

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल. केमिस्ट एसोसिएशन की मांगों पर सरकार द्वारा कथित उपेक्षा के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) एवं प्रदेश केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर चित्तौड़गढ़ जिला केमिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुवार 20 मई को जिलेभर में दवा व्यापारियों का बंद रखा जाएगा।

केमिस्ट एसोसिएशन के प्रवक्ता कन्हैयालाल गर्ग ने बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय आह्वान के तहत जिले के समस्त केमिस्ट व्यवसायी प्रातः 10 बजे चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्री चौराहा पर विनायक मेडिकल के बाहर एकत्रित होंगे, जहां अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के पश्चात दवा व्यापारी प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें दवा व्यापारियों एवं आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की जाएगी।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश मेहता एवं सचिव सुशील अग्रवाल ने एक दिवसीय बंद के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह विरोध दवा व्यवसायियों सहित आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।

उन्होंने जिलेभर के दवा व्यापारियों एवं नागरिकों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।