11 अक्टूबर प्रथम नवरात्रि को लगेगा श्री नायल भौमिया बाबा का सद्भावना मेला

देवड़वाल गोत्र के आराध्य देव श्री नायल भौमिया बाबा के दरबार में आकर्षक झांकी और दर्शन के लिए उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु*

जमवारामगढ़। स्मार्ट हलचल|जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र स्थित गांव झोल, क्यारा, मानोता, कैलाशपुरी स्थित श्री श्री 1008 नायल भौमिया बाबा का भव्य सद्भावना मेला इस प्रतिवर्ष की भांति इस बार 11 अक्टूबर 2026, प्रथम नवरात्रि (रविवार) को लगेगा।आदिवासी मीणा समाज के देवड़वाल गोत्र के आराध्य कुल देव हैं श्री नायल भौमिया बाबा। यह मेला एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें मीणा समाज के देवड़वाल गोत्र के लोग संपूर्ण राजस्थान प्रदेश सहित देशभर से बड़ी संख्या में प्रथम नवरात्रा को पदयात्राएं लेकर पहुंचते हैं। साथ ही विभिन्न संसाधनों से अन्य समुदायों के लोग भी बाबा के दरबार में मनोकामना लेकर आते हैं।

मंदिर सेवा समिति द्वारा मेले की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मेले में भजन-कीर्तन, रात्रि जागरण, पद दंगल और सांस्कृतिक प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी।

यह मेला अपनी आस्थाओं और आपसी प्रेम सद्भावना का प्रतीक है। वर्षों से देवड़वाल गोत्र के लोग इस मेले को सद्भावना के रूप में मनाते आ रहे हैं। अब सर्व समाज के लोग भी बाबा के दरबार में मन्नत मांगने आते हैं।

मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का जाप्ता तैनात रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

मंदिर सेवा समिति द्वारा मेले में आने वाली सभी पदयात्राओं के लिए जगह-जगह समाजसेवी कार्यकर्ताओं के सहयोग से चाय, शिकंजी, शरबत, फल और भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। मेले के अवसर पर कलाकारों द्वारा दंगल के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के गीतों के जरिए संदेश भी दिया जाएगा। साथ ही मंदिर सेवा समिति की ओर से अतिथियों, समाजसेवियों, भामाशाहों का स्वागत-सत्कार एवं प्रतिभा सम्मान व भामाशाह सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।