ब्यावर के 43 एनसीसी कैडेट्स 10 दिवसीय सीएटीसी कैंप भीलवाड़ा के लिए रवाना, प्रधानाचार्य ने दिखाई हरी झंडी

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर के आर्मी एनसीसी के 43 कैडेट्स का दल सोमवार को 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC Camp) में भाग लेने के लिए भीलवाड़ा रवाना हुआ। कैडेट्स का दल इतिहास व्याख्याता एवं एनसीसी प्रभारी श्री दूदा सिंह के कुशल नेतृत्व में रवाना हुआ है। विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रोहित जैन ने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को प्रस्थान कराया और कैडेट्स को शिविर के सफल समापन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य रोहित जैन ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। यह कैडेट्स में अनुशासन, एकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को गहराई से समाहित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस 10 दिवसीय आवासीय शिविर के दौरान कैडेट्स विभिन्न सैन्य प्रशिक्षणों, शारीरिक गतिविधियों और सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर टीम भावना का पाठ सीखेंगे और स्वयं को राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए तैयार करेंगे।

इस प्रस्थान के अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मनीष, सौरभ धाभाई सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने भी कैडेट्स को शुभकामनाएं देकर रवाना किया।