• 49वीं जिला स्तरीय सीनियर पुरुष व महिला प्रतियोगिता 28 व 29 नवंबर को
• बिना ‘RSHA पिन’ नहीं मिलेगी एंट्री, 27 नवंबर शाम 6 बजे तक कराएं टीम का पंजीयन
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिले के हैंडबॉल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर आ गया है। जिला हैंडबॉल संघ, भीलवाड़ा के तत्वावधान में 49वीं जिला स्तरीय सीनियर हैंडबॉल (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 28 व 29 नवंबर 2026 को कँवलियास (हुरड़ा) स्थित खेल मैदान में किया जाएगा।
श्री महावीर जी (करौली) में होने वाली राज्य स्पर्धा का मिलेगा टिकट
संघ के सचिव तेजप्रताप सिंह ने बताया कि 28 नवंबर (शनिवार) से शुरू होने वाले इस दो दिवसीय खेल महाकुंभ में जिले भर की सीनियर पुरुष और महिला टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता के दौरान चयनकर्ताओं की नजर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी। यहाँ से चयनित सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला टीमें आगामी 8 से 11 दिसंबर तक श्री महावीर जी (करौली) में आयोजित होने वाली 49वीं राज्य स्तरीय सीनियर हैंडबॉल प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
संघ अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने स्पष्ट किया है कि नियमों के तहत प्रतियोगिता में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनका राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ (RSHA) की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण है। प्रत्येक खिलाड़ी के पास ‘आरएसएचए पिन नंबर’ (RSHA PIN) होना अनिवार्य है। जिन खिलाड़ियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे वेबसाइट rajasthanhandball.com पर लॉगिन कर अपना रजिस्ट्रेशन तुरंत पूरा कर सकते हैं।
27 नवंबर शाम 6 बजे तक कराएं टीम एंट्री
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमों को 27 नवंबर (शुक्रवार) को सायं 6:00 बजे से पूर्व अपनी प्रविष्टि (एंट्री) दर्ज करवानी होगी। टीमें अपना पंजीयन आयोजन सचिव ओमप्रकाश नायक (मोबाइल: 9950386371) के पास करवा सकती हैं।