खजुरी|स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में चम्बल विभाग की भारी लापरवाही सामने आई है, जहां खजुरी चम्बल पंप में आई तकनीकी खराबी के कारण दो पंचायतों के दर्जनों गांवों में पिछले 4 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि हजारों ग्रामीणों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी के लिए तरस रहे हैं।
जानकारी के अनुसार किशनगढ़, बाकरा, मेंलवा, भीमपुरा, बाघ की झोपड़िया, शेरपुरा, उरणा, कांस्या सहित कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता सत्यनारायण सेन ने बताया कि लगातार 4 दिनों से चम्बल का पानी गांवों तक नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों में भारी रोष है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सवाल यह उठता है कि आखिर कब जागेगा चम्बल विभाग?
क्या प्रशासन किसी बड़े आंदोलन का इंतजार कर रहा है?
