मनोज मीना बने सावर नगर पालिका के नए ईओ, स्वच्छता, विकास और अतिक्रमण मुक्त नगर बनाने का लिया संकल्प

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।नगर पालिका सावर को नया अधिशासी अधिकारी मिल गया है। नव नियुक्त अधिशासी अधिकारी मनोज मीना ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही नगर पालिका के प्रशासनिक एवं विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद अधिशासी अधिकारी मीना ने नगर क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पेयजल आपूर्ति में सुधार, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी स्तरों पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही उन्होंने नगर क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों, नालों, सरकारी भूमि एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई के भी संकेत दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर की व्यवस्था एवं विकास में बाधा बनने वाले अवैध अतिक्रमणों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन का पीला पंजा भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत एवं निष्पक्ष रूप से की जाएगी।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मीना ने कहा कि सावर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित नगर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी तथा नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
नगरवासियों ने नए अधिशासी अधिकारी के पदभार ग्रहण करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके कार्यकाल में विकास कार्यों को गति मिलेगी, मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा तथा लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के साथ-साथ अवैध अतिक्रमणों पर भी प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सावर नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त था तथा प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए तेजभान सिंह को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। अब नियमित अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति से नगर पालिका के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।