अविनाश मीणा
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल।घाड़ कस्बे के चारनेंट रोड पर अवैध पत्थर ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर में सवार 4 से 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों में अधिकांश महिलाएं बरडा ढाणी की निवासी बताई जा रही हैं।जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध पत्थरों से लदा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही घाड़ थाना प्रभारी हरीराम वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टोंक और देवली रेफर कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, कई घायलों के हाथ-पांव में फ्रैक्चर हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर घाड़ थाने में खड़ा करवा दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि घाड़ क्षेत्र की पहाड़ियों पर खनन माफियाओं का आतंक है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वालों को जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि माफियाओं के खिलाफ पहले भी थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ये रिपोर्ट फाइलों में दबी हुई हैं, जिसके चलते माफिया बेखौफ होकर अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में वन विभाग और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत होने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
