10 अक्टूबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक

दिनेश लेखी

लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को राजीनामे से निस्तारित कराने पर दिया जोर

कठूमर। स्मार्ट हलचल|तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की ओर से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश कठूमर के अवकाशागार में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष अनंत भण्डारी के निर्देशानुसार हुई। अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश मोहन लाल सोनी ने की।
तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर की सचिव रूचि शर्मा ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को आयोजित होगी। बैठक में पक्षकारों को बैंक से संबंधित मामलों सहित अन्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को आपसी राजीनामे के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए प्रेरित किया गया। अधिवक्ताओं से भी अधिकाधिक प्रकरण लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
बैठक में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर की ओर से संचालित ‘मीडियेशन फॉर द नेशन’ अभियान के संबंध में भी अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों को जानकारी दी गई। मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का शीघ्र एवं आपसी सहमति से समाधान कराने पर जोर दिया गया। वर्तमान में तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर में 10 अधिवक्ता एवं एक न्यायिक अधिकारी अपर जिला न्यायाधीश मध्यस्थ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
सचिव मोहन लाल सोनी ने निःशुल्क विधिक सहायता, स्थाई लोक अदालत एवं राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना सहित विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता योजना के तहत महिला, बालक, न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध बंदी, अनुसूचित जाति-जनजाति के व्यक्ति, अल्प आय वर्ग के व्यक्ति, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित एवं मानवीय दुराचार से पीड़ित व्यक्तियों को न्यायालय में पक्ष रखने के लिए निःशुल्क अधिवक्ता की सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कठूमर में वर्तमान में इस योजना के तहत आठ पैनल अधिवक्ता नियुक्त हैं।
उन्होंने बताया कि पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत गठित समिति द्वारा पात्र पीड़ितों को नियमानुसार प्रतिकर राशि दिलाई जाती है। हाल ही में अलवर में हुए ट्रिपल मर्डर एवं दुर्घटना प्रकरण में समिति की ओर से तत्काल बैठक आयोजित कर पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत प्रतिकर राशि का भुगतान करवाया गया।
बैठक में अपर जिला न्यायाधीश कठूमर उदय सिंह अलोरिया, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठर मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा, तालुका विधिक सेवा समिति सचिव रूचि शर्मा, बार संघ कठूमर अध्यक्ष सुभाष अर्रुआ सहित अधिवक्ता रामजीत सिंह, राधावल्लभ शर्मा, सुभाष चंद शर्मा, सत्येन्द्र सिंह चौधरी, बलवीर सिंह चौधरी, ललित मोहन शर्मा, रामजीलाल शर्मा, ओमवीर सिंह फौजदार, तेजसिंह राठी, भवानी शंकर शर्मा, समंदर कुमार शर्मा एवं पीएलवी योगेश चौहान, वीरेन्द्र कुमार शर्मा मौजूद रहे।