भीलवाड़ा। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) की भीलवाड़ा जिला इकाई ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को आयोजित जिला पदाधिकारियों एवं प्रमुख नेताओं की बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका एवं पंचायत क्षेत्रों के अधिक से अधिक वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। साथ ही घर-घर जनसंपर्क कर आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक प्रदेश सचिव शब्बीर कुरैशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई , उपाध्यक्ष एडवोकेट शाहिद पठान ने संबोधित करते हुए कहा कि एसडीपीआई स्वच्छ एवं पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय और मूलभूत सुविधाओं जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उपाध्यक्ष एडवोकेट जाकिर हुसैन ने विश्वास व्यक्त किया कि एसडीपीआई निकाय चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनाव लड़ने तथा अधिक से अधिक वार्डों में विजय प्राप्त करने का संकल्प लिया।
