सामेलिया धाम में 28-29 जुलाई को दो दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव, तैयारियां अंतिम चरण में

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी
मांडल उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था केंद्र सामेलिया धाम में 28 व 29 जुलाई को दो दिवसीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव में देशभर से संत-महात्माओं का सानिध्य मिलेगा तथा हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर सामेलिया गांव में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया है।

आयोजन के तहत 28 जुलाई को शाम 7 से रात 9 बजे तक सत्संग एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं 29 जुलाई को सुबह से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सकेंगे।

आयोजन में स्वामी सच्चिदानंद आचार्य सहित कई संत-महात्मा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इधर, सामेलिया गांव में समारोह स्थल पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालु स्वैच्छिक सेवा भाव से आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। सेवाभावी श्रद्धालु समारोह स्थल की साफ-सफाई, पंडाल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। पूरे आयोजन स्थल पर सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है तथा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई है।