(मोहम्मद आज़ाद नेब)
जहाजपुर |स्मार्ट हलचल।संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, भीलवाड़ा के निर्देश पर एसीबीईओ पुष्कर राज मीणा ने बुधवार सुबह 7:30 बजे महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रोपा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत 20 शिक्षकों में से केवल 11 शिक्षक ही उपस्थित मिले, जबकि 9 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए।
जांच में सामने आया कि अनुपस्थित शिक्षकों में से 3 अवकाश अथवा अन्य स्वीकृत कारणों से अनुपस्थित थे, जबकि 6 शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर मिले। एसीबीईओ ने बिना सूचना अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
एसीबीईओ पुष्कर राज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में विद्यालय स्टाफ की बैठक लेकर सभी कार्मिकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और शिक्षण कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।वहीं, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोपा के निरीक्षण में सभी शिक्षक एवं कर्मचारी समय पर उपस्थित मिले। विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
