बनेठा मुख्य बस स्टैंड से गुजर रहे मिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर जब्त, पुलिस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप

आमजन व राहगीरों की सुरक्षा को लेकर बनेठा पुलिस की कार्रवाई, ईंट भट्ठों पर मिट्टी ले जाने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी

शिवराज बारवाल मीना

टोंक।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के बनेठा कस्बे में मुख्य बस स्टैंड से होकर गुजर रहे मिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टरों के खिलाफ बनेठा पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए कई ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। पुलिस की कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। व्यस्त बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान से भारी मात्रा में मिट्टी लेकर ट्रैक्टरों की आवाजाही होने से यात्रियों, राहगीरों और आमजन की सुरक्षा को लेकर दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
जानकारी के अनुसार टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन तथा उनियारा वृत्ताधिकारी अशोक कुमार कानखेड़िया के सुपरविजन में बनेठा थाना पुलिस ने कार्रवाई की। मुख्य बस स्टैंड से मिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टरों के गुजरने की सूचना पर बनेठा के कार्यवाहक थानाधिकारी राजाराम यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मिट्टी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टरों में भरी मिट्टी ईंट भट्ठों पर ले जाई जा रही थी। गौरतलब है कि बनेठा का मुख्य बस स्टैंड यात्रियों एवं आमजन की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है। यहां दिनभर बसों का आवागमन रहता है तथा बड़ी संख्या में यात्री, दुकानदार और राहगीर मौजूद रहते हैं। ऐसे व्यस्त क्षेत्र से मिट्टी से लदे ओवरलोड ट्रैक्टरों के गुजरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। ट्रैक्टरों में क्षमता से अधिक मिट्टी भरी होने के चलते सड़क पर मिट्टी गिरने तथा अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी होने की भी आशंका रहती थी। मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में ओवरलोड ट्रैक्टरों की आवाजाही का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे आमजन की सुरक्षा से जुड़ा विषय मानते हुए कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक स्थानों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी बस स्टैंड सहित कस्बे के व्यस्त मार्गों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर नियमित निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की आवश्यकता जताई है।