पचपदरा पुलिस की मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 53.50 ग्राम एमडी बरामद

स्विफ्ट कार जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार

बालोतरा, स्मार्ट हलचल। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पचपदरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 53.50 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार के जरिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर डीएसटी बालोतरा एवं थाना पचपदरा की संयुक्त टीम ने बालोतरा-पचपदरा रोड पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर वाहन को तेज गति से रिफाइनरी की ओर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर मदीना होटल के आगे वाहन को रुकवाकर उसमें सवार मुस्ताक अली और ईशाक खान को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार वाहन की पिछली सीट पर बैठा पप्पू खान निवासी दुर्गापुरा माडपुरा, थाना मंडली, मौका पाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 53.50 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुआ। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और स्विफ्ट कार संख्या RJ-19-CC-8319 को भी जब्त किया गया।

इस कार्रवाई के संबंध में थाना पचपदरा में प्रकरण संख्या 211, दिनांक 23 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 एवं 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, आपूर्ति की श्रृंखला, फरार आरोपी पप्पू खान तथा अन्य संभावित रूप से संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्ताक अली पुत्र जले खान, निवासी दुर्गापुरा माडपुरा, थाना मंडली, जिला बालोतरा तथा ईशाक खान पुत्र हैदर खान, निवासी बागावास, थाना मंडली, जिला बालोतरा के रूप में हुई है।

कार्रवाई में डीएसटी बालोतरा एवं थाना पचपदरा की पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।