जिला परिषद और छह पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए 13 अक्टूबर से नाम निर्देशन शुरू
नीरज मीणा
मंडावर। स्मार्ट हलचल/पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर दौसा जिले में चुनावी प्रक्रिया अब अगले चरण में प्रवेश कर गई है। जिला परिषद के 37 वार्डों सहित छह पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए 13 अक्टूबर से नाम निर्देशन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमा करा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा के अनुसार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 37 तक के लिए 13 अक्टूबर को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जाएगी।
17 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसके बाद अभ्यर्थी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव मैदान में रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
छह पंचायत समितियों में भी शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
दौसा जिले की द्वितीय चरण में शामिल पंचायत समितियों बांदीकुई, बसवा, महवा, मनोहरपुर खेड़ला, बैजूपाड़ा और मण्डावर के पंचायत समिति सदस्यों के लिए भी 13 से 16 अक्टूबर तक नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे।
इन पंचायत समितियों के लिए भी नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।
जिला परिषद नामांकन के लिए अलग-अलग कक्ष तय
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला परिषद सदस्य पद के नामांकन से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं।
– कमरा नंबर 234 – नाम निर्देशन पत्र के खाली प्रारूप एवं अमानत राशि जमा कराने के लिए।
– जिला कलक्टर के निजी सहायक कार्यालय के सामने बरामदा – प्रस्तावकों के नाम का मतदाता सूची से मिलान।
– कमरा नंबर 228 (एसीएम कोर्ट) – भरे हुए नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच।
– कमरा नंबर 232 (रिटर्निंग अधिकारी कक्ष) – नामांकन पत्र जमा कराने के लिए।
नामांकन के दौरान सिर्फ 5 लोगों को प्रवेश
निर्वाचन कार्यालय में नामांकन प्रस्तुत करते समय उम्मीदवार सहित अधिकतम 5 लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। नामांकन के दौरान किसी भी प्रकार की रैली आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।
रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय के 100 मीटर के दायरे में जिला परिषद सदस्य पद के उम्मीदवार को अधिकतम 3 वाहन, जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के उम्मीदवार को अधिकतम 2 वाहन लाने की अनुमति होगी।
चुनावी मैदान में बढ़ेगी हलचल
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही दौसा जिले में पंचायत चुनाव की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। दावेदारों के नामांकन, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन के बाद पंचायत चुनाव की तस्वीर और अधिक स्पष्ट होगी। अब 13 से 16 अक्टूबर के बीच होने वाली नामांकन प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी।