दिनेश लेखी
23 अक्टूबर को जिला परिषद-पंचायत समिति और 25 अक्टूबर को सरपंच पद-वार्ड पंच के लिए मतदान
कठूमर। स्मार्ट हलचल।प्रदेश में पंचायती राज चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही कठूमर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके चलते नए विकास कार्यों की घोषणा और ऐसे प्रशासनिक कार्यों पर रोक रहेगी, जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 23 अक्टूबर को
कठूमर पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव प्रथम चरण में होंगे। इनके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नाम वापसी 15 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक होगी। मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 20 नवंबर सुबह 8 बजे से होगी।
जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।
*सरपंच और वार्ड पंच के लिए 25 अक्टूबर को मतदान*
ग्राम पंचायतों में सरपंच, उप सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए नामांकन 24 अक्टूबर को होगा। मतदान 25 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। उप सरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर को होगा।
*दो माध्यमों से होगा मतदान*
इस बार पंचायती राज चुनाव में मतदान की प्रक्रिया अलग-अलग माध्यमों से होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव EVM से, जबकि सरपंच, उप सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे।
कठूमर क्षेत्र में ये पद होंगे जिला परिषद सदस्य: 6
कठूमर पंचायत समिति सदस्य: 23, खेड़ली-सौखर पंचायत समिति सदस्य: 15, कठूमर पंचायत समिति में सरपंच पद: 50,
खेड़ली-सौखर पंचायत समिति में सरपंच पद: 24
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब पंचायत स्तर पर संभावित प्रत्याशियों और दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। गांवों में चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।