कम्युनिटी हॉल में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
भीलवाड़ा । पंचवटी विकास समिति की साधारण सभा एवं निर्वाचन प्रक्रिया रविवार को पंचवटी स्थित कम्युनिटी हॉल में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया में समिति के सदस्यों के साथ-साथ कॉलोनी के महिला-पुरुष, वरिष्ठजन, मातृशक्ति एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समिति के प्रति अपना विश्वास एवं सहभागिता का परिचय दिया।
निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन मुख्य निर्वाचन अधिकारियों कैलाश जिनगर, अरुण सोनी एवं मुकेश लोट के निर्देशन में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। सभा के प्रारंभ में निवर्तमान अध्यक्ष विक्रम झा ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल के दौरान समिति द्वारा कराए गए विकास कार्यों, जनहित के प्रयासों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके पश्चात निवर्तमान कोषाध्यक्ष शंभू वर्मा ने समिति की आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदन किया।
इसके उपरांत निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसमें सर्वसम्मति एवं निर्विरोध रूप से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें विक्रम झा को पुनः अध्यक्ष, अभिषेक चंडालिया को सचिव, हस्तमल आंचलिया को उपाध्यक्ष, शंभू वर्मा को कोषाध्यक्ष तथा सुनील नामदेव को सहसचिव निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं कश्मीरी भट्ट को समिति का संरक्षक मनोनीत किया गया।
सभा में वरिष्ठ समाजसेवी विनोद सिंह देवराज सिंह चूंडावत,अशोक जिनगर, नितिन मुलावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी का पुष्पमालाओं साफा एवं ऊपरणा पहनाकर स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि समिति भविष्य में भी एक ही लक्ष्य—भाईचारा और विकास के संकल्प के साथ पंचवटी क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सर्वसम्मति के वातावरण में संपन्न होने पर उपस्थित सदस्यों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों कैलाश जिनगर, अरुण सोनी एवं मुकेश लोट का आभार व्यक्त किया तथा नवगठित कार्यकारिणी को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
