पटवारी हरदेव बैरवा की पदच्युति का विरोध, कानूनगो ओर पटवारियों में आक्रोश, कार्य बहिष्कार ओर हड़ताल की चेतावनी

 

बनेड़ा – राजस्थान कानूनगो एवं पटवार संघ जिला शाखा भीलवाड़ा की एक अति आवश्यक बैठक जिला मुख्यालय पर शनिवार आयोजित हुई । बैठक में जिला कलेक्टर भीलवाड़ा द्वारा पटवारी हरदेव बैरवा के खिलाफ लिए गए एकतरफा राजकीय सेवा से पदच्युति’ (dismissed from service) के निर्णय पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इस बैठक में जिले भर से आए सभी गिरदावर (कानूनगो) और पटवारी साहिबान उपस्थित रहे। संघ की जिला महासमिति ने एक स्वर में मांग की है कि पटवारी हरदेव बैरवा की सेवा से पदच्युति का रिव्यू (पुनरावलोकन) कर उन्हें अविलंब पुनः बहाल किया जाए। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में सोमवार को जिले के सभी उपशाखा स्तरों पर उपखंड अधिकारी के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि सौंपे गए ज्ञापन के बाद भी प्रशासन द्वारा पदच्युति के फैसले का रिव्यू नहीं किया जाता है और बहाली का निर्णय नहीं लिया जाता है, तो बुधवार से संपूर्ण भीलवाड़ा जिले में पटवारी व गिरदावर पूर्णतया कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर बैठेंगे। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस हड़ताल से आमजन को होने वाली किसी भी प्रकार की असुविधा और प्रशासनिक कार्यों में पड़ने वाले व्यवधान की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन भीलवाड़ा की होगी।